रुद्रपुर। मंडी परिसर में बारिश की चपेट में आ रहे किसानों के अनाज की तत्काल तौल कराने की मांग को लेकर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने जिलाधिकारी नितिन भदौरिया से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि तौल में देरी के कारण किसानों के अनाज के खराब होने का खतरा बढ़ रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

राजेश शुक्ला ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि बीते दिनों हुई बेमौसमी बारिश से किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों के हितों के प्रति संवेदनशील है। बारिश से प्रभावित किसानों को फसल क्षति के अनुरूप मुआवजा दिलाने के लिए प्रशासन की ओर से कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि कई किसान फसल कटाई के बाद अपना अनाज मंडी परिसर में पहुंचा चुके हैं, लेकिन समय पर तौल नहीं होने के कारण उनका अनाज लगातार बारिश के संपर्क में आकर खराब होने की आशंका है। ऐसे में किसानों को अतिरिक्त आर्थिक नुकसान से बचाने के लिए मंडी में रखे अनाज की तत्काल तौल सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निर्देश जारी कर तौल प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया।
जिलाधिकारी ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार बारिश से प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाने के लिए प्रशासन युद्धस्तर पर कार्य कर रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि मंडी परिसर में पहुंचे किसानों के अनाज की तत्काल तौल कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे, ताकि किसानों को अनाज खराब होने से होने वाले संभावित नुकसान से बचाया जा सके।





