रामनगर के सांवल्दे में स्कूटी-बाइक की भीषण भिड़ंत, कांग्रेस नगर उपाध्यक्ष की मौत; तीन गंभीर घायल


रिजॉर्ट में काम करने वाली दो युवतियां भी घायल, हालत गंभीर होने पर तीनों को हायर सेंटर रेफर किया गया

रामनगर: नैनीताल जिले के रामनगर में सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। सांवल्दे गांव के पास स्कूटी और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में कांग्रेस नगर उपाध्यक्ष दीपक मसी की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा है।

मिली जानकारी के अनुसार, रामनगर के बम्बाघेर-कानिया निवासी 55 वर्षीय दीपक मसी बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सांवल्दे गांव के पास उनकी बाइक सामने से आ रही स्कूटी से टकरा गई। स्कूटी पर चालक दीपक आर्य के साथ पूजा और दिव्या नाम की दो युवतियां सवार थीं। बताया गया है कि दोनों युवतियां इसी मार्ग पर स्थित एक रिजॉर्ट में काम करती हैं।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दीपक मसी समेत चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से सभी घायलों को रामनगर के रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने दीपक मसी को मृत घोषित कर दिया।

वहीं, स्कूटी चालक दीपक आर्य और दोनों युवतियों पूजा व दिव्या की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया। जानकारी के मुताबिक, तीनों के सिर में चोटें आई थीं और आगे के उपचार के लिए सीटी स्कैन व न्यूरो सर्जरी संबंधी सुविधाओं की जरूरत को देखते हुए रेफर किया गया।

कांग्रेस नगर उपाध्यक्ष की मौत से शोक

दीपक मसी कांग्रेस के नगर उपाध्यक्ष थे। उनकी अचानक मौत की खबर से परिजन सदमे में हैं, वहीं क्षेत्र में शोक का माहौल है।

फिलहाल, हादसे के संबंध में विस्तृत जानकारी और दुर्घटना के कारणों की पुष्टि संबंधित जांच के बाद ही हो सकेगी।