देहरादून: उत्तराखंड का एक युवा स्टार्टअप उद्यमी भविष्य की परिवहन व्यवस्था को नई दिशा देने की तैयारी में जुटा है। फ्लाइंग कार विकसित करने के तकनीकी प्रोजेक्ट पर काम कर रहे रवि टम्टा ने बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर अपने प्रोजेक्ट की प्रगति, तकनीकी नवाचार और भविष्य की कार्ययोजना की जानकारी साझा की।
रवि टम्टा ने मुख्यमंत्री को फ्लाइंग कार के निर्माण से जुड़ी तकनीकी उपलब्धियों और अब तक किए गए प्रयासों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने के लिए अपनी आगामी योजनाओं की जानकारी भी दी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रवि टम्टा के प्रयासों और तकनीकी नवाचार की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में प्रतिभा, तकनीकी क्षमता और नवाचार की अपार संभावनाएं हैं। राज्य सरकार ऐसे युवाओं को अपने नए विचारों और तकनीकी प्रयोगों को धरातल पर उतारने के लिए आवश्यक सहयोग और अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं के सपनों को पंख देना सरकार की प्राथमिकता है। आज का दौर तकनीक और नवाचार का है और राज्य के युवा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ड्रोन, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, एयरोस्पेस सहित आधुनिक तकनीक के विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने मौके पर ही सचिव उद्योग विनय शंकर पांडेय को निर्देश दिए कि रवि टम्टा के स्टार्टअप को नियमानुसार आवश्यक शासकीय सहयोग और सहायता उपलब्ध कराने की कार्यवाही की जाए।
उन्होंने कहा कि इस तरह के तकनीकी नवाचार न केवल युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करते हैं, बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। सरकार का उद्देश्य उत्तराखंड में नवाचार और स्टार्टअप के लिए अनुकूल माहौल तैयार करना है, ताकि स्थानीय युवा अपने तकनीकी विचारों को बड़े प्रोजेक्ट में बदल सकें।





